जबलपुर में मृत गायों के अंतिम संस्कार को लेकर गोसेवकों और सामाजिक संगठनों ने नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि अंतिम संस्कार के नाम पर 3,000 रुपये लेने के बावजूद गायों के शवों को विधिवत दफनाने या जलाने के बजाय नालों में फेंका जा रहा है।
गोरक्षकों ने नगर निगम कार्यालय के सामने गाय का शव रखकर विरोध जताया और जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि कई जगहों पर सड़ी हुई गायों के शव और हड्डियां मिली हैं, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं और गंदगी फैल रही है।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि नगर निगम की गो-एंबुलेंस पिछले 3-4 महीनों से बंद है, जिससे घायल और मृत पशुओं को समय पर सहायता नहीं मिल पा रही है।
नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर संभव अयाची ने कहा कि करोंदा स्थित केंद्र में पशुओं के अंतिम संस्कार की व्यवस्था है। यदि लापरवाही पाई जाती है तो जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।