akhbaar update

पन्ना में अंतरराज्यीय ‘लुटेरी दुल्हन’ गिरोह का पर्दाफाश, 9 गिरफ्तार

 



पन्ना। पन्ना जिले में पुलिस ने शादी का झांसा देकर लूटपाट करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं।

बृजपुर थाना पुलिस के अनुसार, यह गिरोह कुंवारे युवकों को शादी का लालच देकर फंसाता था। बाद में डराकर या अगवा कर उनसे पैसे वसूलता था।

ऐसे बनाया शिकार

नयागांव धरमपुर निवासी 43 वर्षीय बसंत लाल त्रिपाठी शादी की तलाश में थे। उन्होंने लल्लू चौधरी नाम के व्यक्ति से संपर्क किया। 23 फरवरी को उन्हें पहाड़ीखेड़ा में लड़की दिखाने के लिए बुलाया गया। वहां दो लड़कियों और एक महिला से मुलाकात कराई गई।

1 लाख रुपए और टैबलेट लूटे

शादी के नाम पर पैसों को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद बदमाशों ने त्रिपाठी के साथियों को भगा दिया और उन्हें सफेद स्कॉर्पियो में अगवा कर सुनसान जगह ले गए। जान से मारने की धमकी देकर 1 लाख रुपए (20 हजार नकद और 80 हजार ऑनलाइन) और एक लेनोवो टैबलेट लूट लिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने टीम बनाई। मुखबिर की सूचना पर पहाड़ीखेड़ा बस स्टैंड पर घेराबंदी कर 9 आरोपियों को पकड़ लिया गया।

क्या-क्या बरामद हुआ

पुलिस ने आरोपियों से एक सफेद स्कॉर्पियो, एक अपाचे बाइक, 10 मोबाइल फोन, फरियादी का टैबलेट और शादी के नाटक में इस्तेमाल होने वाली साड़ी, चूड़ी व मेकअप का सामान जब्त किया है।

गिरफ्तार आरोपी रीवा, सतना और छतरपुर जिलों के रहने वाले हैं। गिरोह के तीन मुख्य सदस्य—दिव्या उर्फ नैना, अन्नू और लल्लू चौधरी—अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update