जबलपुर। अधारताल थाना पुलिस ने शहर में दहशत फैलाने वाले अपराधियों के खिलाफ सफलता हासिल की है। पुलिस ने घेराबंदी कर उन 5 फरार आरोपियों को दबोच लिया है जो पिछले कई महीनों से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहे थे। ये सभी आरोपी हत्या, हत्या के प्रयास और बमबाजी जैसी सनसनीखेज वारदातों में शामिल थे। पुलिस के अनुसार, ये अपराधी नवंबर और दिसंबर 2025 से फरार थे, जिन्हें अब सलाखों के पीछे भेज दिया गया है।
अधारताल थाना प्रभारी प्रवीण सिंह कुमरे ने बताया कि पुलिस अधीक्षक द्वारा फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को सटीक मुखबिर से सूचना मिली कि ये शातिर आरोपी क्षेत्र में ही कहीं छिपे हुए हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तुरंत योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी की और पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान इनके पास से वारदातों में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद किए गए हैं, जिसके चलते इनके खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में महाराजपुर निवासी समीर श्रीवास (उम्र 23 वर्ष) और छोटू उर्फ उद्देश तिवारी (उम्र 21 वर्ष) शामिल हैं, जो हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के रहने वाले हैं। इनके अलावा सुहागी क्षेत्र से तीन अन्य आरोपियों को पकड़ा गया है, जिनमें नेता कॉलोनी निवासी प्रियांशु पटेल (उम्र 21 वर्ष), सुहागी मेन रोड निवासी शंकर ठाकुर (उम्र 24 वर्ष) और पन्नी मोहल्ला निवासी अभिषेक उर्फ दुर्लभ उर्फ भीमसेन दुबे (उम्र 19 वर्ष) शामिल हैं।