जबलपुर। पनागर पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 4,000 रुपये का इनाम घोषित था। उसे शनिवार देर शाम मुखबिर की सटीक सूचना पर पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दमोह जिले के जबेरा निवासी मनीष प्रधान के रूप में हुई है। मनीष के खिलाफ साल 2024 में पनागर थाने में NDPS Act के तहत गंभीर मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद से वह लगातार फरार था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मनीष प्रधान आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत चार अन्य मामले दर्ज हैं। पुलिस अधिकारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि आरोपी करीब ढाई साल से पुलिस से बचता फिर रहा था।
फिलहाल आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि उससे पूछताछ में नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई नेटवर्क के बारे में अहम जानकारी मिल सकती है।