akhbaar update

1997 के हत्या केस के दो फरार आरोपी कानपुर से गिरफ्तार

 


जबलपुर।  हनुमानताल थाना में वर्ष 1997 में दर्ज हत्या के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो सजायाफ्ता आरोपियों को पुलिस ने आखिरकार कानपुर से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। दोनों आरोपियों को वर्ष 1999 में सत्र न्यायालय जबलपुर द्वारा आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी, लेकिन उच्च न्यायालय से जमानत मिलने के बाद वे जबलपुर छोड़कर फरार हो गए थे और लगातार पुलिस से बचते फिर रहे थे।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए स्थायी वारंट जारी था और उनकी सूचना देने पर नगद इनाम भी घोषित किया गया था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर लंबित वारंटों की तामीली के लिए विशेष टीम गठित की गई थी, जो लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी दौरान विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों आरोपी कानपुर में रहकर मजदूरी कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम को तत्काल कानपुर रवाना किया गया, जहां पतासाजी के बाद दोनों आरोपियों को पकड़कर अभिरक्षा में लिया गया और कड़ी सुरक्षा के बीच जबलपुर लाया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों को केंद्रीय जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं और उनके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, मारपीट, अवैध वसूली तथा आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर अपराध पहले से दर्ज हैं। पुलिस टीम की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update