जबलपुर। विजयनगर थाना क्षेत्र के सरोजिनी नगर वार्ड स्थित पटेल मोहल्ले में बुधवार दोपहर स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर विवाद हो गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और बिजली कंपनी के आउटसोर्स कर्मचारियों के बीच तीखी नोकझोंक के बाद कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई, जिसके चलते स्मार्ट मीटर लगाने का काम अस्थायी रूप से रोक दिया गया।
कांग्रेस नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा ने आरोप लगाया कि उपभोक्ताओं की सहमति के बिना जबरन पुराने मीटर हटाकर स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। वहीं बिजली कंपनी के कार्यपालन यंत्री अमित सक्सेना ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि आरडीएसएस योजना के तहत नियमों के अनुसार मीटर लगाए जा रहे हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया। फिलहाल प्रशासन के निर्णय तक स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य रोका गया है।