जबलपुर। दर्दनाक हिट एंड रन हादसे के तीन दिन बाद पुलिस ने उस कार को जब्त कर लिया है, जिससे 13 मजदूरों को कुचला गया था। इस हादसे में अब तक 5 महिला मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि 8 मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे का आरोपी ड्राइवर फिलहाल फरार है।
गौर चौकी पुलिस ने मंगलवार शाम सिहोरा क्षेत्र से हादसे में शामिल सफेद रंग की कार जब्त की। चौकी प्रभारी टेकराम शर्मा ने बताया कि कार आगे से पूरी तरह क्षतिग्रस्त है। कार का मालिक दीपक सोनी है, जबकि हादसे के समय उसका भाई लखन सोनी वाहन चला रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि हादसे के बाद लखन सोनी कार को सिहोरा ले गया और करीब 7 किलोमीटर दूर पोड़ा गांव निवासी निशांत अहमद कुरैशी के घर के बाहर खड़ी कर दी। शक से बचने के लिए कार पर कवर डाल दिया गया था। लखन सोनी फिजियोथेरेपी का काम करता है और काम के सिलसिले में वह अक्सर निशांत के घर आता-जाता था। उसी ने वाहन खड़ा करने की अनुमति ली और इसके बाद फरार हो गया। बाद में कार मालिक दीपक सोनी की निशानदेही पर पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ड्राइवर लखन सोनी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।