akhbaar update

बच्चादानी ऑपरेशन के बाद महिला की मौत, सर्वोदय हॉस्पिटल पर लापरवाही का आरोप

 


जबलपुर। रांझी क्षेत्र में सर्वोदय हॉस्पिटल में बच्चादानी के ऑपरेशन के बाद एक महिला मरीज की मंगलवार–बुधवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।

जानकारी के अनुसार, उदय नगर, रांझी निवासी रानू यादव (44 वर्ष) को बच्चादानी के ऑपरेशन के लिए सर्वोदय हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार दोपहर डॉक्टरों द्वारा ऑपरेशन किया गया, जिसके बाद महिला की हालत गंभीर बताई गई और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया।

परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन से पहले रानू पूरी तरह स्वस्थ थी, लेकिन ऑपरेशन के बाद हालत बिगड़ गई। उनका कहना है कि मरीज को वेंटिलेटर पर रखने के बाद करीब 6 घंटे तक कोई डॉक्टर देखने नहीं आया। जब महिला ने कोई रिस्पॉन्स देना बंद कर दिया और परिजनों ने इसकी शिकायत की, तब मौके पर मौजूद नर्सिंग स्टाफ ने आपात स्थिति में सीपीआर देना शुरू किया।

हंगामे और तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन परिजनों का आरोप है कि इसके बावजूद डॉक्टर मरीज के पास नहीं पहुंचे। काफी देर बाद अस्पताल संचालक मौके पर आए, लेकिन परिजनों के सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। इसके कुछ समय बाद अस्पताल प्रबंधन ने महिला को मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने मामले में अस्पताल प्रबंधन और संबंधित डॉक्टरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update