जबलपुर। गौर चौकी क्षेत्र में देवरी गौर के समीप प्रसिद्ध प्राचीन राम जानकी मंदिर का ताला तोड़कर चोरों ने मुकुट और छत्र चुरा लिया। सुबह जब पुजारी पहुंचा, तो यह देखकर दंग रह गया। उसके बाद क्षेत्रीयजनों को इसकी सूचना दी, जिससे लोगों में आक्रोश है। बताया जा रहा है कि मंदिर से 4 चांदी के मुकुट, आभूषण और छत्र चोरी किए गए हैं। गौर चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरों ने मंदिर के गेट का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की, मौके पर डॉग स्क्वाड और फोरेंसिक टीम बुलाई गई, इसके अलावा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच भी हो रही है ताकि चोरों की पहचान हो सके। मंदिर में चोरी होने के बाद से क्षेत्रीयजनों ने पुलिस की गश्त व्यवस्था पर असंतोष जताया है।