जबलपुर - धन्वंतरी नगर चौकी क्षेत्र के यश अपार्टमेंट में रहने वाले एक फिजियोथेरेपिस्ट ने चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान भानु मोहर, निवासी दतिया के रूप में हुई है। वह पेशे से फिजियोथेरेपिस्ट था और यश अपार्टमेंट में रह रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भानु ने अचानक चौथी मंजिल से छलांग लगा दी। गिरने की आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है।
फिलहाल पुलिस मृतक के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड खंगाल रही है और परिजनों से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किसी मानसिक तनाव में तो नहीं था। धन्वंतरी नगर चौकी पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।