जबलपुर-ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं में उद्यमिता के गुणों का विकास करने तथा स्वरोजगार की योजना की मदद से उन्हें स्वयं का उद्योग या व्यवसाय स्थापित करने के उद्देश्य से बुधवार 14 जनवरी को जिले के छह विकासखंड में दो-दो तथा एक विकासखंड में एक स्थान पर उद्यम संस्कार शिविरों का आयोजन किया जायेगा।
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह की पहल पर आयोजित किये जा रहे उद्यम संस्कार शिविरों में युवाओं को विशेषज्ञों द्वारा बाजार में उपलब्ध संभावनाओं के अनुसार इकाइयों का चयन तथा उत्पादों मार्केटिंग पर मार्गदर्शन दिया जायेगा। उद्यम संस्कार शिविरों के आयोजन की शुरूआत बुधवार 24 दिसम्बर से की गई थी। उद्यम संस्कार शिविर प्रत्येक बुधवार को जिले के ग्रामणी क्षेत्र में लगाये जा रहे हैं।
जिला उद्योग एवं व्यापार केन्द्र के महाप्रबंधक विनीत रजक के अनुसार बुधवार 14 जनवरी को उद्यम संस्कार शिविर जबलपुर विकासखण्ड के ग्राम सगड़ा झपनी एवं पिपरिया खुर्द, पनागर विकासखण्ड के ग्राम इमलई और रैपुरा, पाटन विकासखण्ड के ग्राम कटरा बेलखेड़ा और गाड़ाघाट, मझौली विकासखण्ड के ग्राम पोड़ा, शहपुरा विकासखण्ड के ग्राम बेलखेड़ा और बिजौरी, सिहोरा विकासखण्ड के गांधीग्राम और पौंड़ीकला तथा कुंडम विकासखण्ड के सातावेली और बघराजी में लगाये जायेंगे।
उद्यम संस्कार शिविरों में स्वरोजगार योजनाओं से जुड़े अधिकारियों के साथ-साथ बैंक अधिकारी भी मौजूद रहेंगे तथा युवाओं को स्वयं का उद्योग या व्यवसाय स्थापित करने के लिये ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया बताएंगे।