मथुरा। दिल्ली से मध्य प्रदेश जा रही यात्रियों से भरी बस शनिवार देर रात यमुना एक्सप्रेसवे पर आग की चपेट में आ गई। बस में उस समय 40 लोग सवार थे। आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन सड़क किनारे रोक दिया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 2 बजे मथुरा के राया थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 110 के पास हुई। बस दिल्ली से मध्य प्रदेश की ओर जा रही थी, तभी अचानक उसमें आग लग गई। शुरुआती जानकारी में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
बस से धुआं और आग की लपटें उठती देखकर यात्रियों में घबराहट फैल गई। हालात को समझते हुए चालक ने तुरंत बस रोक दी। इसके बाद यात्रियों को जल्द से जल्द नीचे उतारा गया। सभी 40 लोग सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन कुछ ही देर में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई। चालक की सतर्कता के कारण बस में सवार सभी यात्रियों की जान बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया।
