कटनी। जल संरक्षण और भूजल स्तर बढ़ाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा जिले के बड़वारा खुर्द स्थित दतला नदी में बोरी बंधान तैयार किया गया। इस काम में पत्थरों के साथ करीब 45 बोरियों का इस्तेमाल किया गया। अस्थायी जल संरचना बनाने के लिए विद्यार्थियों और सामाजिक संस्था के सदस्यों ने मिलकर श्रमदान किया।
यह गतिविधि 15 नवंबर से 30 दिसंबर तक चलाए जा रहे जल संचय अभियान के तहत आयोजित की गई। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक डॉ. तेज सिंह केशवाल के निर्देशन और बड़वारा ब्लॉक समन्वयक नंदनी वाटिया के मार्गदर्शन में यह कार्य कराया गया।
विद्यार्थियों ने किया श्रमदान
बड़वारा सेक्टर-01 के अंतर्गत नवांकुर संस्था उजाला फाउंडेशन महगवां बरछैका के संस्था प्रमुख हरभगत सिंह राठौर और सेक्टर मेंटर प्रियंका रजक के नेतृत्व में बोरी बंधान का काम पूरा किया गया। इसमें मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के बीएसडब्ल्यू और एमएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राओं ने भी हिस्सा लिया।
नदी में पत्थरों और बोरियों की मदद से पानी रोकने के लिए अस्थायी बांध बनाया गया। इससे बारिश और नदी के पानी को कुछ समय तक रोककर आसपास के क्षेत्र में जल संचय और भूजल स्तर बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
इनकी रही सहभागिता
कार्यक्रम में ब्लॉक समन्वयक नंदनी वाटिया, संस्था प्रमुख हरभगत सिंह राठौर और परामर्शदाता प्रियंका रजक मौजूद रहीं। वहीं छात्र-छात्राओं में आरती चौधरी, अनीता केवट, अनुशेया, अर्चना, ऊषा सिंह, काजल केवट और अनुराग ने श्रमदान किया। सभी ने मिलकर बोरी बंधान का कार्य पूरा कराया।
