akhbaar update

जनगणना-2027 की तैयारी तेज, 10 जनवरी से मिलेगी ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा; मार्च से होगी गणना



जबलपुर। जनगणना-2027 को लेकर मध्यप्रदेश में प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस बार लोगों को अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कराने का विकल्प भी मिलेगा। जनगणना के दूसरे चरण में 10 से 24 जनवरी 2027 तक नागरिक स्व-गणना कर सकेंगे। इसके बाद 25 फरवरी से 28 फरवरी तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर लोगों की जानकारी एकत्र करेंगे। जनगणना के लिए संदर्भ तिथि 1 मार्च 2027 तय की गई है।

कलेक्टरों को दिए गए विशेष निर्देश

जनगणना की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने सभी जिलों के कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि इस महत्वपूर्ण कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने गणना के दौरान पूरी सावधानी बरतने और आंकड़ों की शुद्धता बनाए रखने पर जोर दिया।

राज्य स्तरीय प्रशिक्षण सम्मेलन में जबलपुर कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से शामिल हुए। मुख्य सचिव ने कहा कि जनगणना से मिलने वाले आंकड़े सरकार की विकास योजनाओं, नीतियों और संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल की योजना बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए कलेक्टर स्वयं फील्ड ट्रेनर्स के प्रशिक्षण में शामिल हों और संभागायुक्त नियमित रूप से तैयारियों की निगरानी करें।

मध्यप्रदेश में पहला चरण पूरा

जनगणना संचालक संजय सुखलानी के अनुसार, मध्यप्रदेश में मकान सूचीकरण का पहला चरण पूरा हो चुका है। अब दूसरे चरण में प्रत्येक व्यक्ति से जुड़ी सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय जानकारी जुटाई जाएगी। इस काम को व्यवस्थित ढंग से पूरा कराने के लिए पांच नेशनल ट्रेनर्स, 134 मास्टर ट्रेनर्स और लगभग तीन हजार फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

मोबाइल एप से जुटाई जाएगी जानकारी

जनगणना-2027 में डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। प्रगणक मोबाइल एप के माध्यम से लोगों की जानकारी दर्ज करेंगे। इससे आंकड़ों को डिजिटल रूप में संकलित करने की प्रक्रिया पूरी होगी।

गणना की शुद्धता जांचने के लिए पर्यवेक्षक प्रत्येक प्रगणक द्वारा किए गए काम का 20 प्रतिशत सत्यापन करेंगे। वहीं पूरी प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए जनगणना प्रबंधन एवं मॉनिटरिंग सिस्टम का उपयोग किया जाएगा। प्रशासन का जोर है कि निर्धारित समय में गणना का काम सही और व्यवस्थित तरीके से पूरा हो।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp