akhbaar update

झगरा रिंग रोड पर क्रेन ने बाइक को मारी टक्कर, महिला गंभीर; मेडिकल रेफर

 


जबलपुर। झगरा रिंग रोड पर एक तेज रफ्तार क्रेन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के समय महिला अपने पति और बच्चे के साथ बाइक से ससुराल जा रही थी। प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया है।

बेलखाडू चौकी प्रभारी अमित मिश्रा ने बताया कि करारी मनकवारा निवासी मंजू बसोर अपने पति आकाश बसोर और बच्चे के साथ मोटरसाइकिल से जा रही थीं। जैसे ही उनकी बाइक झगरा रिंग रोड के पास पहुंची, तभी एक तेज रफ्तार क्रेन ने बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई और मंजू बसोर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को संभाला और उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेलखाडू पहुंचाया।

प्राथमिक उपचार के बाद महिला की हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि वहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस हादसे में महिला के पति और बच्चे की स्थिति को लेकर भी जानकारी जुटा रही है। वहीं, दुर्घटना करने वाली क्रेन की पहचान की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार क्रेन का नंबर एचआर 07 एएफ 3235 बताया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp