जबलपुर। सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ वीडियो बनाकर खुद को दबंग दिखाने और इलाके में डर का माहौल बनाने की कोशिश करना एक युवक को भारी पड़ गया। तिलवारा पुलिस ने इंस्टाग्राम पर चाकू के साथ वीडियो और रील पोस्ट करने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध बटनदार चाकू भी बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार, एटाखेड़ा निवासी संजय उइके इंस्टाग्राम पर ‘2222 गैंग’ के नाम से वीडियो पोस्ट कर रहा था। इन वीडियो में वह हथियार दिखाते हुए नजर आ रहा था। सोशल मीडिया सेल ने जब उसकी गतिविधियों पर नजर रखी तो मामले की जानकारी तिलवारा पुलिस तक पहुंची।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अवैध बटनदार चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने चाकू जब्त कर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया।
कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा ने कहा कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।