जबलपुर। अपने पति सुनील ठाकुर की तलाश में दुबई से मध्यप्रदेश पहुंची अश्विंदर कौर अब सतना पहुंच गई हैं। महिला ने सतना के पुलिस थाने पहुंचकर अधिकारियों से मुलाकात की और पति को तलाशने में मदद की मांग की। महिला का दावा है कि उसने करीब एक साल पहले जबलपुर के मढ़ाताल स्थित गुरुद्वारे में परिवार और रिश्तेदारों की मौजूदगी में सुनील ठाकुर से शादी की थी।
2020 से साथ रह रहे थे, 2025 में गुरुद्वारे में शादी
अश्विंदर कौर के अनुसार, वह नवंबर 2020 से सुनील ठाकुर के साथ रिश्ते में थीं। दोनों काफी समय तक दुबई में साथ रहे। महिला का कहना है कि दोनों ने 23 फरवरी 2025 को जबलपुर के मढ़ाताल सिविक सेंटर स्थित गुरुद्वारे में शादी की थी। इस दौरान सुनील के रिश्तेदार और अन्य लोग भी मौजूद थे।
महिला ने बताया कि कुछ समय पहले सुनील अचानक दुबई से भारत लौट आए। इसके बाद उनसे संपर्क नहीं हो पाया। पति की तलाश में अश्विंदर पहले जबलपुर पहुंचीं और कई जगह जानकारी लेने के बाद अब सतना पहुंची हैं।
बहन के घर होने की मिली जानकारी
महिला का कहना है कि उसे जानकारी मिली कि सुनील ठाकुर सतना में अपनी बहन के घर आए हुए हैं। उसकी सास सुनीता रोरा भी सतना में मौजूद हैं। अश्विंदर ने आरोप लगाया कि सुनील को उससे मिलने नहीं दिया जा रहा है और उन्हें वहां छिपाकर रखा गया है।
महिला के मुताबिक, सुनील अब उसके साथ नहीं रहना चाहते और उन्हें यहां जबरदस्ती लाया गया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस से कार्रवाई की मांग
अश्विंदर कौर ने पुलिस से मामले में मदद की मांग करते हुए कहा कि वह सुनील की कानूनी रूप से विवाहित पत्नी हैं। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से पति को तलाशने तथा मामले में उचित कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
महिला ने यह भी बताया कि उनकी उम्र सुनील से करीब 12 साल अधिक है, लेकिन इसके बावजूद दोनों ने शादी की। उनका कहना है कि वर्ष 2020 से वे साथ रह रहे थे और वर्ष 2025 में शादी हुई थी।
जबलपुर में भी पति को तलाशती रही महिला
अश्विंदर ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि वह सबसे पहले जबलपुर पहुंचीं और पति की तलाश में कई जगह भटकती रहीं। इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि सुनील सतना में अपनी बहन के घर आए हुए हैं। इसके बाद वह सतना पहुंचीं और अपने स्तर पर पति की तलाश की।
जब कोई जानकारी नहीं मिली तो उन्होंने पुलिस थाने पहुंचकर अधिकारियों को पूरी घटना बताई और पति को तलाशने में मदद की मांग की।