जबलपुर। स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को शहर में पैथोलॉजी और अस्पतालों की जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए काँचघर स्थित डॉ. लाल पैथलैब्स के सैंपल कलेक्शन सेंटर को सील कर दिया। वहीं, लेबर चौक स्थित जनता पाइल्स आयुर्वेदिक हॉस्पिटल को अनियमितताएं मिलने पर नोटिस जारी किया गया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. नवीन कोठारी के निर्देश पर गठित जांच दल ने काँचघर स्थित सैंपल कलेक्शन सेंटर का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान बायो मेडिकल वेस्ट से संबंधित आवश्यक रजिस्टर उपलब्ध नहीं मिला। साथ ही केंद्र में कार्यरत टेक्नीशियन के पास नई दिल्ली पैरामेडिकल काउंसिल अथवा मध्य प्रदेश पैरामेडिकल काउंसिल का वैध पंजीयन भी नहीं पाया गया। इन गंभीर अनियमितताओं के चलते सेंटर को तत्काल सील कर दिया गया। संचालक को तीन दिन के भीतर सभी दस्तावेजों और कर्मचारियों के अभिलेखों सहित सीएमएचओ कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में सीएमएचओ डॉ. नवीन कोठारी ने लेबर चौक, स्नेह नगर स्थित जनता पाइल्स आयुर्वेदिक हॉस्पिटल का भी निरीक्षण कराया। जांच में सामने आया कि अस्पताल का पंजीयन आयुर्वेदिक उपचार के लिए है, लेकिन परिसर में एलोपैथिक दवाइयां रखी मिलीं। इसके अलावा बायो मेडिकल वेस्ट से संबंधित मेंटेनेंस रजिस्टर भी उपलब्ध नहीं था।
इन अनियमितताओं को गंभीर मानते हुए अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया है। अस्पताल संचालक को तीन दिन के भीतर अस्पताल के पंजीयन, कर्मचारियों की शैक्षणिक योग्यता और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ सीएमएचओ कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।