akhbaar update

खमरिया में तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत, साथी घायल

 


जबलपुर। खमरिया थाना क्षेत्र के बिछुआ मोड़ पर रविवार रात एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, रांझी के बापू नगर निवासी राजकुमार चंदेल ने शिकायत दर्ज कराई कि वह अपने भाई और दोस्तों के साथ 1 अगस्त की रात अमरकंटक घूमने गया था। 2 अगस्त की शाम सभी दो मोटरसाइकिलों से वापस रांझी लौट रहे थे।

सामने से आ रही कार ने मारी टक्कर

बताया गया कि बाइक क्रमांक एमपी 20 जेड जेड 7531 को बड़ा पत्थर, रांझी निवासी अनुराग सिंह ठाकुर चला रहा था और राजकुमार उसके पीछे बैठा था। जब वे खमरिया के ग्राम बिछुआ मोड़ के आगे मुख्य सड़क पर पहुंचे, तभी सामने से आ रही कार क्रमांक एमपी 20 सीबी 4770 के चालक ने कथित रूप से तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पीछे आ रहे साथियों ने तत्काल एम्बुलेंस की मदद से दोनों को रांझी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने अनुराग सिंह ठाकुर को मृत घोषित कर दिया।

घायल का उपचार जारी

हादसे में राजकुमार चंदेल को कोहनी, कूल्हे और आंख के पास चोटें आई हैं। उनका उपचार जारी है।

कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज

खमरिया थाना पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp