akhbaar update

आरटीओ की स्कूल वाहनों पर बड़ी कार्रवाई, बिना परमिट चल रही बस पर 55 हजार का जुर्माना



जबलपुर। विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) की टीम ने अधारताल क्षेत्र स्थित धनी की कुटिया में संचालित बेथल मिशन हायर सेकेंडरी स्कूल के वाहनों की औचक जांच की। निरीक्षण के दौरान स्कूल परिसर में खड़ी सात गाड़ियों के दस्तावेजों की जांच की गई, जिसमें एक वाहन बिना वैध परमिट के संचालित पाया गया। नियमों के उल्लंघन पर आरटीओ ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 55 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया।

एक वाहन बिना वैध परमिट के मिला

जांच के दौरान वाहन क्रमांक MP20ZS1613 के पास वैध परमिट नहीं पाया गया। इस पर स्कूल प्रबंधन ने लिखित में आश्वासन दिया कि वाहन का परमिट जल्द बनवाया जाएगा और तब तक उसका संचालन नहीं किया जाएगा।

सभी दस्तावेजों की हुई जांच

आरटीओ टीम ने स्कूल में मौजूद सभी सात वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा, परमिट और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। एक वाहन के दस्तावेज अधूरे मिलने को गंभीर लापरवाही मानते हुए तत्काल कार्रवाई की गई।

आरटीओ ने दी सख्त चेतावनी

आरटीओ रिंकू शर्मा ने स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए कि भविष्य में सभी वाहनों के वैध दस्तावेज पूरे होने के बाद ही उनका संचालन किया जाए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि स्कूल वाहनों का संचालन सभी वैधानिक नियमों का पालन करते हुए ही होना चाहिए। बिना परमिट या अधूरे दस्तावेजों के साथ किसी भी वाहन को सड़क पर चलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। विभाग ने कहा कि ऐसे निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp