सिवनी - लखनादौन विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक योगेंद्र सिंह बाबा गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। यह दुर्घटना नेशनल हाईवे-44 पर धूमा थाना क्षेत्र में उस समय हुई, जब विधायक जबलपुर से घुरवाड़ा की ओर जा रहे थे। अचानक सड़क पर एक गाय आ जाने के कारण चालक ने वाहन को बचाने का प्रयास किया, लेकिन नियंत्रण बिगड़ने से स्कॉर्पियो सड़क किनारे स्थित हर्बल गार्डन बंजारी हाई स्कूल की बाउंड्रीवाल से जा टकराई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के तुरंत बाद स्कॉर्पियो के इंजन में आग लग गई और देखते ही देखते पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया। कुछ ही मिनटों में वाहन जलकर लगभग राख हो गया।
हादसे के बाद स्थिति और गंभीर तब हो गई जब वाहन का ऑटोमैटिक लॉकिंग सिस्टम काम करना बंद कर गया और दरवाजे अंदर से लॉक हो गए। कार के अंदर विधायक योगेंद्र सिंह बाबा, उनका गनमैन और चालक मौजूद थे। ऐसे में तीनों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए खिड़की के रास्ते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना स्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने भी तत्परता दिखाते हुए घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने में मदद की।
हादसे में विधायक और उनके सुरक्षाकर्मी को मामूली चोटें आई हैं तथा दोनों खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। वहीं वाहन चालक के चेहरे पर गंभीर चोट लगी है, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू कर दी।
लखनादौन के एसडीओपी अपूर्व भलावी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण अचानक सड़क पर मवेशी का आ जाना सामने आया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल है, हालांकि राहत की बात यह रही कि बड़ा हादसा होने के बावजूद विधायक समेत सभी लोगों की जान बच गई।