akhbaar update

शक्तिनगर में दिनभर जल रही स्ट्रीट लाइटें, बिजली की बर्बादी पर निगम की अनदेखी

 




जबलपुर।  शक्तिनगर क्षेत्र में बिजली बचत के दावों के बीच नगर निगम की लापरवाही सामने आई है। यहां बिजली मुख्यालय के समीप कई स्ट्रीट लाइटें पिछले कई दिनों से दिन-रात लगातार जल रही हैं, जिससे बिजली की अनावश्यक खपत हो रही है। स्थानीय लोगों द्वारा शिकायत करने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया है।

शक्तिनगर चौक स्थित कोल माइंस कार्यालय के पीछे लगे स्ट्रीट लाइट पोलों की लाइटें पिछले करीब एक सप्ताह से लगातार रोशन हैं। क्षेत्र के निवासियों का कहना है कि कई बार ये लाइटें कुछ समय के लिए बंद हुईं, लेकिन अधिकांश समय दिन में भी जलती रहीं।

स्थानीय नागरिक चंद्र किशोर, अजय, रोशन और संजय ने बताया कि पहले स्ट्रीट लाइटों को दोपहर तक बंद कर दिया जाता था, लेकिन वर्तमान में इन्हें बंद करने के लिए कोई कर्मचारी नहीं पहुंच रहा है। इससे न केवल बिजली की बर्बादी हो रही है, बल्कि सरकारी संसाधनों के उपयोग पर भी सवाल उठ रहे हैं।

क्षेत्रवासियों ने नगर निगम से जल्द समस्या का समाधान कर स्ट्रीट लाइटों के संचालन की उचित व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि बिजली की अनावश्यक बर्बादी को रोका जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update