जबलपुर। कटंगी थाना क्षेत्र के झगरा गांव के पास एक सड़क हादसे में डॉक्टर अंगीरथ साहू गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, वे दमोह से जबलपुर अपने पिता डॉ. रमेश प्रसाद साहू की कार से आ रहे थे।
बताया जा रहा है कि झगरा गांव के आगे सामने से आ रहे एक भारी वाहन को साइड देने के दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण तुरंत सहायता के लिए पहुंचे। ग्रामीणों ने घायल डॉक्टर को कार से बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल डॉक्टर को तत्काल स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जबलपुर रेफर कर दिया गया।
हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर जाम की स्थिति बन गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को हटवाकर यातायात बहाल कराया।