akhbaar update

डोसा खाने पहुंचीं बहनों का बैग चोरी, निर्माणाधीन मकान से भी सामान पार

 



जबलपुर। शहर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। रांझी क्षेत्र में डोसा खाने पहुंचीं दो बहनों का स्कूटी की डिक्की में रखा बैग चोरी हो गया, जबकि संजीवनी नगर क्षेत्र में एक निर्माणाधीन मकान से बिजली और प्लंबिंग का सामान चुरा लिया गया। दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रांझी थाना पुलिस के अनुसार, मानेगांव स्थित चंद्रमोहन नगर निवासी रेखा खन्ना, जो सेंट मेरी स्कूल में शिक्षिका हैं, अपनी बहन ललीता खन्ना के साथ मस्ताना चौक स्थित एक डोसा सेंटर गई थीं। उन्होंने अपना हैंडबैग स्कूटी की डिक्की में रखा था। बैग में करीब 20 हजार रुपये नकद, बैंक एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, सोने की अंगूठी, चांदी की पायल और पोस्ट ऑफिस की पासबुक सहित अन्य जरूरी दस्तावेज रखे थे। डोसे का भुगतान करने के लिए जब वे स्कूटी के पास पहुंचीं तो डिक्की खुली मिली और बैग गायब था। किसी अज्ञात चोर ने बैग पर हाथ साफ कर दिया।

वहीं संजीवनी नगर थाना क्षेत्र के सुभाषनगर निवासी नीलेश चक्रवर्ती ने शिकायत दर्ज कराई है कि मडफैया स्थित एक निर्माणाधीन मकान में पिछले कुछ दिनों से काम बंद था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि मकान में लगी बिजली की वायरिंग उखाड़ी जा चुकी थी और प्लंबिंग का सामान भी क्षतिग्रस्त कर चोरी कर लिया गया था। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस दोनों मामलों में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है तथा अज्ञात चोरों की तलाश की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update