जबलपुर। सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ वीडियो अपलोड करने वाले तीन युवकों के खिलाफ बरेला थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार जब्त किए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तलवार और एक बटनदार चाकू बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
बरेला थाना प्रभारी संगीता सिंह ने बताया कि परसवाड़ा निवासी प्रशांत पटेल, देव रजक और विक्रम रजक द्वारा सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ वीडियो अपलोड किए जाने की जानकारी मिली थी। इसके बाद क्राइम ब्रांच और बरेला पुलिस की टीम ने तीनों युवकों की तलाश कर उन्हें थाने लाकर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान प्रशांत पटेल ने बताया कि उसने अपने घर में पलंग के नीचे एक तलवार छिपाकर रखी है। वहीं देव रजक ने परसवाड़ा स्थित अपनी नानी के घर के छप्पर में बटनदार चाकू छिपाकर रखना स्वीकार किया। विक्रम रजक ने भी अपने घर में एक तलवार छिपाकर रखने की जानकारी पुलिस को दी।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने परसवाड़ा में दबिश देकर प्रशांत पटेल (21) के घर से पलंग के नीचे छिपाकर रखी गई दोमुंही तलवार जब्त की। इसी तरह देव कुमार रजक (20) के नानी के घर के छप्पर से एक बटनदार चाकू बरामद किया गया। वहीं विक्रम रजक (20) के घर से एक धारदार तलवार जब्त की गई।
पुलिस ने 10 जून 2026 को तीनों आरोपियों के कब्जे से कुल दो तलवार और एक बटनदार चाकू जब्त करते हुए उनके खिलाफ अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत कार्रवाई की है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी नितिन पांडे, सहायक उपनिरीक्षक देवेंद्र कुमार प्रजापति, प्रधान आरक्षक कमलेश यादव, राकेश सिंह, आरक्षक राजेश सहित बरेला थाना और क्राइम ब्रांच की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन नहीं करने की अपील करते हुए कहा है कि ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।