akhbaar update

कटनी से जबलपुर ला रहे थे अवैध हथियार, दो पिस्टल व कारतूस के साथ दो युवक गिरफ्तार

 





जबलपुर। सिहोरा थाना पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो लोडेड पिस्टल और दो कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार 11 जून की रात सूचना मिली थी कि काले रंग की स्कॉर्पियो में कुछ युवक अवैध हथियार लेकर कटनी से जबलपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने मझौली ब्रिज के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर घेराबंदी कर वाहन की तलाश शुरू की।

कुछ समय बाद कटनी की ओर से एक काले रंग की स्कॉर्पियो आती दिखाई दी, जिसे पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। इस दौरान वाहन से दो युवक नीचे उतर गए, जबकि चालक स्कॉर्पियो को तेज गति से भगा ले गया और मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने दोनों युवकों को पकड़कर पूछताछ की। उन्होंने अपने नाम निहाल केवट (21) निवासी रामपुर, रामनगर, गोरखपुर तथा गगन जायसवाल (25) निवासी ग्राम ककरा, थाना बड़ेरा, जिला मैहर बताए। तलाशी लेने पर निहाल केवट की कमर से एक लोडेड पिस्टल और एक कारतूस बरामद हुआ। वहीं गगन जायसवाल के कब्जे से भी एक पिस्टल और एक कारतूस मिला।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें ये पिस्टल बाबू सिंधी निवासी घमापुर ने उपलब्ध कराई थीं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 10 जून को वे अंकित सोनी निवासी अधारताल के साथ स्कॉर्पियो से कटनी स्टेशन गए थे। वहां हथियार लेने का प्रयास किया गया, लेकिन हथियार नहीं मिलने पर वे वापस जबलपुर लौट आए थे।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से बरामद दो पिस्टल और दो कारतूस जब्त कर लिए हैं। मामले में निहाल केवट, गगन जायसवाल, बाबू सिंधी और अंकित सोनी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 49 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

पुलिस फरार स्कॉर्पियो चालक और मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बरामद हथियार कहां से लाए गए थे और उनका उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था। मामले की विवेचना जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update