जबलपुर। गोराबाजार थाना क्षेत्र के पॉश इलाके बिलहरी में चोरों ने एक बार फिर पुलिस की रात्रिकालीन गश्त को चुनौती देते हुए घर के सामने खड़ी एक सुजुकी एक्सिस स्कूटी चोरी कर ली। वारदात के बाद क्षेत्र के रहवासियों में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। सूचना मिलने पर गोराबाजार पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
चोरी की यह घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में चार युवक देर रात घर के सामने पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। आरोपियों ने कुछ ही मिनटों में स्कूटी का लॉक तोड़ा और वाहन लेकर फरार हो गए। पुलिस ने आसपास के अन्य सीसीटीवी फुटेज भी खंगालने शुरू कर दिए हैं और संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
पहले भी हो चुकी हैं कई वारदातें
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिलहरी और आसपास के क्षेत्रों में चोरी और नकबजनी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पूर्व में एक महिला गिरोह का नाम भी कई चोरियों में सामने आ चुका है। इसके बावजूद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं हो सकी है। लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में नाराजगी है और पुलिस गश्त पर भी सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस ने शुरू की तलाश
गोराबाजार थाना पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। संदिग्धों की पहचान के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गई स्कूटी बरामद कर ली जाएगी। फिलहाल पुलिस क्षेत्र के अन्य कैमरों की फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच आगे बढ़ा रही है।