akhbaar update

शराब पीने के लिए रुपये नहीं दिए तो युवक से मारपीट, आरोपी फरार

 





जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए रुपये नहीं देने पर एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पहले रुपये मांगे, फिर गाली-गलौज करते हुए युवक पर हमला कर दिया। घटना के बाद दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मंडी मदार टेकरी, हनुमानताल निवासी मोहम्मद शोएब (35 वर्ष) कबाड़ का काम करते हैं। 7 जून की सुबह करीब 9 बजे वह अपने साढ़ू भाई असगर के घर जा रहे थे। इसी दौरान बाबा टोला दुर्गा चौक मंदिर के पास उनकी मुलाकात करीम बाबा और लौटा नामक दो व्यक्तियों से हुई।

दोनों आरोपियों ने शोएब से शराब पीने के लिए 200 रुपये मांगे। जब उन्होंने रुपये देने से मना किया तो आरोपी भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर दोनों ने हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान करीम बाबा ने पास में पड़ा पत्थर उठाकर हमला कर दिया, जिससे शोएब की बाईं आंख के पास गंभीर चोट आई।

मारपीट के बाद दोनों आरोपी युवक को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। घायल युवक ने थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update