जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र में खजरी खिरिया बायपास पर हुए एक सड़क हादसे में 39 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी जान नहीं बच सकी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शंकर नगर, माढ़ोताल निवासी अजीत सिंह चौधरी (39 वर्ष) रविवार देर रात लगभग 12 बजे खजरी खिरिया बायपास क्षेत्र में सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। हादसे के बाद उन्हें गंभीर हालत में उनके चाचा लक्ष्मीकांत चौधरी द्वारा रात करीब 1:20 बजे मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार शुरू किया गया।
हालांकि हालत अधिक गंभीर होने के कारण इलाज के दौरान सोमवार सुबह करीब 6:45 बजे अजीत सिंह चौधरी ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में शोक का माहौल छा गया।
घटना की सूचना मिलने पर माढ़ोताल थाना पुलिस मेडिकल कॉलेज पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है।