akhbaar update

मोबाइल पर बात करते समय युवक से छीना एप्पल मोबाइल, दो बदमाश फरार

 





जबलपुर। विजयनगर थाना क्षेत्र में एक युवक से एप्पल कंपनी का महंगा मोबाइल छीनकर फरार होने का मामला सामने आया है। घटना उस समय हुई जब युवक मंदिर से दर्शन कर पैदल अपने घर लौट रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, सिवनी जिले के घंसौर निवासी और वर्तमान में गढ़ा के श्यामनगर गौतम मड़िया में रहने वाले 30 वर्षीय अंकित नायक ने शिकायत दर्ज कराई है। अंकित ने बताया कि 5 जून की रात करीब 10:10 बजे वह कचनार सिटी स्थित शिव मंदिर से दर्शन कर वापस घर लौट रहा था। रास्ते में उसके मोबाइल पर कॉल आ गया, जिस पर वह बात करते हुए चिल्ड्रन्स बुक हाउस के सामने पहुंचा।

इसी दौरान पीछे से स्कूटी पर सवार दो युवक आए। स्कूटी के पीछे बैठे युवक ने अपने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था। बदमाश ने अचानक झपट्टा मारकर अंकित के हाथ से एप्पल कंपनी का मोबाइल छीन लिया और साथी के साथ अंधमूक चौक की ओर तेज गति से फरार हो गया।

घटना इतनी तेजी से हुई कि पीड़ित स्कूटी का नंबर नहीं देख सका। मोबाइल छीने जाने के बाद उसने आसपास बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उसने विजयनगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर लूट का मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्र में हुई इस वारदात के बाद लोगों में चिंता का माहौल है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update