akhbaar update

बिजली चोरी का पंचनामा बनाने पर कर्मचारी का कथित अपहरण, मारपीट कर बनाया वीडियो

                                                   



जबलपुर। बिजली चोरी का पंचनामा बनाए जाने से नाराज एक युवक ने बिजली विभाग के एक आउटसोर्स कर्मचारी का कथित रूप से अपहरण कर उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने कर्मचारी का वीडियो भी बनाया और उससे जबरन यह कहलवाया कि उसने आरोपी से 35 हजार रुपये उधार लिए हैं। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गोरखपुर थाना पुलिस के अनुसार, गोरा बाजार निवासी अनमोल तिवारी (33) मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के पश्चिमी संभाग में आउटसोर्स कर्मचारी हैं। शनिवार दोपहर वह सेठी नगर क्षेत्र में मीटर रीडिंग का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान प्रेम ठाकुर उर्फ छोटू अपने दो नकाबपोश साथियों के साथ वहां पहुंचा और अनमोल को जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर अपने घर ले गया।

आरोप है कि घर पहुंचने के बाद प्रेम ठाकुर और उसके साथियों ने बिजली चोरी का पंचनामा बनाने की बात को लेकर अनमोल तिवारी के साथ प्लास्टिक पाइप से मारपीट की। आरोपियों ने विभागीय अधिकारियों को फोन लगवाकर पंचनामा में बदलाव कराने का दबाव भी बनाया।

पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए उसका वीडियो रिकॉर्ड किया और उससे जबरन यह कहलवाया कि उसने प्रेम ठाकुर से 35 हजार रुपये उधार लिए हैं। मारपीट में अनमोल तिवारी के हाथ, पैर और सिर में चोटें आई हैं।

शिकायत मिलने के बाद गोरखपुर थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ अपहरण, मारपीट, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वहीं, शहरी संभाग के अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा ने बताया कि प्रेम ठाकुर के खिलाफ 4 मई को बिजली चोरी का पंचनामा बनाया गया था। घटना के बाद बिजली विभाग की टीम ने आरोपी के घर पहुंचकर मीटर उखाड़ दिया और उसकी सर्विस लाइन भी काट दी है।

पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update