पन्ना। एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब चलती स्कूटी पर सवार एक युवक की जेब में रखा मोबाइल फोन अचानक धमाके के साथ फट गया। मोबाइल की बैटरी में विस्फोट होने से युवक के कपड़ों में आग लग गई और उसका पैर झुलस गया। हालांकि युवक की सूझबूझ और स्थानीय लोगों की तत्परता के कारण गंभीर दुर्घटना टल गई।
जानकारी के अनुसार रानीबाग निवासी मुकेश वर्मा (25 वर्ष) बाजार से स्कूटी पर अपने घर लौट रहे थे। जब वह जिला अस्पताल के सामने पहुंचे, तभी उनकी पैंट की जेब में रखा मोबाइल अचानक गर्म होने लगा। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, मोबाइल में तेज धमाका हो गया और जेब में आग लग गई।
तुरंत कूदकर बचाई जान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मोबाइल फटते ही मुकेश ने घबराने के बजाय तुरंत चलती स्कूटी से छलांग लगा दी। इसके बाद उन्होंने जलते हुए मोबाइल को जेब से निकालकर सड़क पर फेंक दिया। उनकी इस त्वरित प्रतिक्रिया से बड़ा हादसा टल गया।
घटना के समय जिला अस्पताल के सामने मौजूद लोगों ने भी तुरंत मदद की। लोगों ने जलते मोबाइल पर पानी डालकर आग बुझाई और स्थिति को नियंत्रित किया। कुछ ही मिनटों में आग पर काबू पा लिया गया।
पैर झुलसा, कपड़े भी जले
मोबाइल विस्फोट की इस घटना में मुकेश के कपड़े जल गए और उनका एक पैर झुलस गया। घटना के बाद उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई।
मुकेश ने बताया कि उन्होंने यह मोबाइल करीब चार वर्ष पहले लगभग 20 हजार रुपये में खरीदा था। घटना के समय फोन उनकी जेब में रखा था और अचानक गर्म होने के बाद उसमें विस्फोट हो गया।
अस्पताल के सामने मची अफरा-तफरी
घटना के बाद जिला अस्पताल के सामने लोगों की भीड़ जुट गई। मोबाइल फटने और युवक के कपड़ों में आग लगने की खबर फैलते ही कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल की बैटरी अधिक गर्म होने, फूलने या खराब होने पर उसका उपयोग तुरंत बंद कर दें और अधिकृत सर्विस सेंटर से जांच कराएं।