akhbaar update

रक्षा नगर में कचरे के ढेर में मिली मानव खोपड़ी, जांच में जुटी पुलिस




जबलपुर - रांझी थाना क्षेत्र स्थित रक्षा नगर में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब फक्कड़ बाबा मंदिर के पास कचरे के ढेर में एक मानव खोपड़ी पड़ी मिली। खोपड़ी दिखाई देने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मानव खोपड़ी को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, लेकिन वहां से शरीर का कोई अन्य हिस्सा या कंकाल बरामद नहीं हुआ।

रांझी सीएसपी सतीश साहू के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए खोपड़ी को फोरेंसिक जांच (एफएसएल) के लिए भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि खोपड़ी कितनी पुरानी है और वह वहां कैसे पहुंची।

प्रारंभिक जांच में स्थानीय लोगों ने बताया कि इलाके में अक्सर कबरबिज्जू जैसे जंगली जीव देखे जाते हैं। आशंका जताई जा रही है कि किसी कब्रिस्तान या श्मशान से खोपड़ी को निकालकर यह जीव यहां तक ले आया हो। हालांकि पुलिस केवल इसी संभावना पर निर्भर नहीं है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और हत्या, अंधकांड, तंत्र-मंत्र या अन्य किसी आपराधिक गतिविधि समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

फिलहाल पूरे मामले का रहस्य फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update