जबलपुर। शहर के मालवीय चौक स्थित अंजुमन इस्लामिया स्कूल में महाराणा प्रताप जयंती के दिन स्कूल संचालित किए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। जानकारी मिलने पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारी स्कूल पहुंचे और छुट्टी के दिन कक्षाएं लगाए जाने पर आपत्ति जताई। विरोध बढ़ने के बाद स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों को सूचना देकर बच्चों की छुट्टी कर दी।
बताया जा रहा है कि अंजुमन इस्लामिया स्कूल वक्फ बोर्ड कमेटी के संचालन में आता है, जिसके अध्यक्ष अनवर बाबू हैं। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के नगर महामंत्री मुजम्मिल अली ने आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों से हिंदू त्योहारों और महापुरुषों की जयंती के अवसर पर भी स्कूल में छुट्टी नहीं की जाती, जबकि जिले के अन्य सरकारी और निजी स्कूल बंद रहते हैं।
विवाद बढ़ने पर स्कूल प्रबंधन की ओर से सफाई दी गई कि छुट्टी घोषित करने के निर्देश प्राचार्य को दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद बच्चों को स्कूल बुला लिया गया। वहीं शिक्षकों का कहना था कि उन्हें प्रबंधन के निर्देश पर ही स्कूल आने को कहा गया था।
स्कूल में पढ़ने वाले कुछ छात्रों ने बताया कि उन्हें मोबाइल संदेश के माध्यम से अगले दिन स्कूल लगने की सूचना मिली थी, जिसके चलते वे पढ़ाई के लिए पहुंचे थे। उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि उस दिन अवकाश घोषित है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने मामले में प्रशासन से शिकायत करने की बात कही है और पूरे घटनाक्रम की जांच की मांग की है। वहीं स्कूल प्रबंधन और संबंधित पक्षों के अलग-अलग बयानों के बाद मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।