जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र के अनमोल परिसर में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने के जेवर चोरी कर लिए। घटना उस समय हुई जब घर के मालिक अपने पैतृक गांव गए हुए थे। चोरी की जानकारी लगते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर अज्ञात चोरों की तलाश तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार अनमोल परिसर निवासी नरेश कुमार उपाध्याय (56) शासकीय शिक्षक हैं। वे कुछ दिनों के लिए अपने पैतृक गांव पड़रिया, थाना कटंगी गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और पूरे घर की तलाशी ली। चोरों ने अलमारी में रखे सोने के जेवरों पर हाथ साफ कर दिया।
चोरी गए सामान में मंगलसूत्र, दो कंगन, एक जोड़ी झुमकी, एक जोड़ी बाले, एक सोने की चेन और चार अंगूठियां शामिल हैं। बताया जा रहा है कि चोरी हुए जेवरों की कीमत लाखों रुपये में है।
बीते दिन पड़ोसियों ने घर का ताला टूटा देखा तो उन्होंने तत्काल परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलने पर जब परिवार के सदस्य घर पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी में रखे जेवर गायब थे।
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताई। वहीं माढ़ोताल पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा किया जाएगा।