जबलपुर - हनुमानताल क्षेत्र में ई-रिक्शा से बैटरियां चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई तीन बैटरियां भी बरामद की गई हैं।
जानकारी के अनुसार, बाबा टोला निवासी विकास चौधरी का ई-रिक्शा काली मंदिर के पास खड़ा था। अगले दिन सुबह उन्होंने देखा कि ई-रिक्शा में लगी बैटरियां गायब हैं। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर पुलिस को दो युवकों पर संदेह हुआ।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मक्का नगर निवासी शहनवाज उर्फ डेफिनेट और गुलाम गौस उर्फ सोहेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने ई-रिक्शा से बैटरियां चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई तीन बैटरियां बरामद कर ली गईं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी शहनवाज के खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, मारपीट, अवैध वसूली और वाहन चोरी जैसे कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।