नई दिल्ली। जून महीने की शुरुआत के साथ ही कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले कारोबारियों को महंगाई का झटका लगा है। तेल कंपनियों ने 1 जून से 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। राजधानी दिल्ली में इसकी कीमत 42 रुपये बढ़कर 3,113.50 रुपये प्रति सिलेंडर हो गई है, जबकि कोलकाता में 53.50 रुपये की वृद्धि के बाद नया रेट 3,255.50 रुपये पहुंच गया है।
5 किलो फ्री ट्रेड सिलेंडर भी महंगा
कमर्शियल सिलेंडर के साथ-साथ 5 किलो फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडर की कीमत में भी 11 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। दिल्ली में अब यह सिलेंडर 821.50 रुपये में उपलब्ध होगा। हालांकि घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है, जिससे आम उपभोक्ताओं को राहत मिली है।
एक महीने में दूसरी बार बढ़े दाम
यह लगातार दूसरा महीना है जब कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले 1 मई को भी तेल कंपनियों ने कीमतों में उल्लेखनीय वृद्धि की थी। उस समय पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक आपूर्ति पर असर को इसकी प्रमुख वजह बताया गया था।
ऊर्जा सुरक्षा पर सरकार का फोकस
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय का कहना है कि देश में एलपीजी और अन्य पेट्रोलियम उत्पादों की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है। मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा के अनुसार सरकार ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए रणनीतिक भंडारण क्षमता बढ़ाने पर काम कर रही है।
30 दिन का भंडार रखने के निर्देश
सरकार ने तेल विपणन कंपनियों को कम से कम 30 दिनों का एलपीजी भंडार बनाए रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी वैश्विक संकट या आपूर्ति बाधा की स्थिति में उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना न करना पड़े। कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी का असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की लागत पर पड़ सकता है।