akhbaar update

अमृत फेज 2.0 के कार्यों की समीक्षा, बारिश से पहले सड़कें दुरुस्त करने के निर्देश

 




जबलपुर। नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने अमृत फेज 2.0 के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून शुरू होने से पहले शहर में जहां-जहां पेयजल पाइपलाइन और जल प्रदाय योजना के काम चल रहे हैं, वहां सड़कों और रास्तों की मरम्मत (री-स्टोरेशन) का काम जल्द पूरा किया जाए।

बैठक में आयुक्त ने कहा कि जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन विस्तार और अन्य निर्माण कार्य किए जा रहे हैं, वहां लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ तेजी से काम पूरा करने के निर्देश दिए।

निगमायुक्त ने कहा कि बारिश के दौरान नागरिकों को जलभराव, खराब सड़कों और आवागमन की समस्या का सामना न करना पड़े, इसके लिए सभी अधूरे कार्य समय पर पूरे किए जाएं। उन्होंने शहर के अन्य महत्वपूर्ण और संवेदनशील क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों को भी प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान रामप्रकाश अहिरवार ने साफ कहा कि काम की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्य मजबूत और टिकाऊ होने चाहिए ताकि भविष्य में लोगों को परेशानी न हो। इसके लिए मैदानी अधिकारियों को नियमित रूप से निर्माण स्थलों का निरीक्षण करने और ठेकेदारों के काम की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर आयुक्त अरविंद शाह, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने चल रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी दी और समय सीमा में कार्य पूरा करने का भरोसा दिलाया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update