जबलपुर। कटंगी स्थित प्रज्ञाधाम मंदिर एक बार फिर चोरों के निशाने पर आ गया। देर रात एक चोर मंदिर का मुख्य दरवाजा तोड़कर अंदर घुसा और भगवान भोलेनाथ के ऊपर लगा चांदी का कलश चोरी कर फरार हो गया। चोरी की पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना की जानकारी लगते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मंदिर पहुंच गए। लोगों ने घटना को लेकर गहरा आक्रोश जताया है।
जानकारी के अनुसार चोर जूते पहनकर मंदिर के अंदर घुसा और सीधे गर्भगृह तक पहुंच गया। वहां उसने भगवान भोलेनाथ के ऊपर लगा चांदी का कलश निकाल लिया। इसके बाद आरोपी ने मंदिर परिसर में रखी दानपेटी को भी निशाना बनाया और उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गया।
मंदिर प्रबंधन ने जब सुबह मंदिर के ताले टूटे देखे तो तत्काल सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज में आरोपी युवक साफ दिखाई दे रहा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि प्रज्ञाधाम मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां लगातार चोरी की घटनाएं होना चिंता का विषय है।
लोगों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।