akhbaar update

आदर्श विज्ञान महाविद्यालय में संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक, स्वरोजगार और मेगा जॉब फेयर पर जोर

 



जबलपुर: शासकीय आदर्श विज्ञान महाविद्यालय में 12 मई 2026 को स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन योजना और भारतीय ज्ञान परंपरा विषय पर संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उच्च शिक्षा विभाग के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी मनोज कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंजाबराव चंदेलकर ने की।

बैठक में संभाग के विभिन्न जिलों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे गए। इनमें डिंडोरी जिले में जनजातीय कला कौशल केंद्र की स्थापना, बांस से वस्त्र तैयार करने की तकनीक और संतरे के छिलकों से सौंदर्य प्रसाधन बनाने जैसे नवाचार शामिल रहे।

इस अवसर पर अरुण शुक्ल, सुनील वाजपेयी, चित्रा प्रभात, राजलक्ष्मी त्रिपाठी और शिखा सक्सेना सहित कई शिक्षाविदों ने अपने विचार रखे।

एईडीपी पाठ्यक्रम और औद्योगिक एमओयू पर जोर

बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत एईडीपी पाठ्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को सीधे उद्योगों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। विभिन्न औद्योगिक इकाइयों और संस्थाओं के साथ एमओयू की प्रक्रिया तेज करने का निर्णय लिया गया, ताकि विद्यार्थी पढ़ाई के साथ-साथ कार्य अनुभव और आय भी प्राप्त कर सकें।

संभागीय स्तर पर लगेगा मेगा जॉब फेयर

स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन योजना के तहत जबलपुर संभाग में एक बड़े मेगा जॉब फेयर के आयोजन का रोडमैप भी तैयार किया गया। इस रोजगार मेले के माध्यम से सैकड़ों युवाओं को निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update