akhbaar update

बड़ी मां ने तीन साल के मासूम की हत्या की, परिवार में मचा मातम

 



जबलपुर - महुआखेड़ा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पारिवारिक विवाद के चलते एक महिला ने अपने ही परिवार के तीन वर्षीय मासूम अनिरुद्ध लोधी की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बड़ी मां राजकुमारी लोधी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, परिवार में आंगन को लेकर विवाद चल रहा था। बच्चे के दादा छोटे सिंह लोधी ने बताया कि आरोपी महिला चाहती थी कि घर का साझा आंगन उसके नाम हो जाए। इसी रंजिश के चलते उसने शुक्रवार सुबह बच्चे को घर से उठा लिया।

आरोप है कि महिला ने पहले बच्चे को जहर दिया, फिर गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद सिर पर पत्थर मारकर शव को बोरे में भर दिया और भूसे के ढेर में छिपा दिया।

बच्चे के अचानक गायब होने पर परिवार और गांव के लोग उसकी तलाश करते रहे। सूचना मिलने पर पुलिस भी जांच में जुट गई। इस दौरान आरोपी महिला भी परिवार के साथ तलाश का नाटक करती रही।

अगले दिन जब डॉग स्क्वॉड गांव पहुंचा तो खोजी कुत्ता सीधे उस जगह पहुंचा, जहां बोरे में बंद शव छिपाया गया था। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

पूछताछ में राजकुमारी लोधी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

मासूम अनिरुद्ध अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी मौत के बाद परिवार में मातम का माहौल है। वहीं ग्रामीणों ने पुलिस पर देर से कार्रवाई करने का आरोप लगाया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update