जबलपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील का असर अब मध्यप्रदेश में भी दिखाई देने लगा है। मंगलवार को डीडी बंसल अपनी लग्जरी कार छोड़कर साइकिल से हाईकोर्ट पहुंचे। उनका साइकिल चलाते हुए वीडियो सामने आने के बाद शहरभर में इसकी चर्चा शुरू हो गई।
जानकारी के अनुसार जस्टिस डीडी बंसल सिविल लाइंस स्थित अपने निवास से करीब तीन किलोमीटर साइकिल चलाकर मध्यप्रदेश हाईकोर्ट पहुंचे। रास्तेभर लोगों की नजरें उन पर टिकी रहीं। हाईकोर्ट परिसर में भी कर्मचारी और आम लोग उन्हें उत्सुकता से देखते नजर आए।
मीडिया से बातचीत में जस्टिस बंसल ने कहा कि यह सोच पूरी तरह गलत है कि हाईकोर्ट के जज साइकिल से नहीं जा सकते। उन्होंने कहा कि जहां तक संभव हो, सभी लोगों को साइकिल का उपयोग कर पेट्रोल और डीजल की बचत करनी चाहिए। उनके अनुसार यह कदम पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ देशहित से भी जुड़ा हुआ है।
जस्टिस बंसल ने बताया कि उन्हें संजीव सचदेवा से प्रेरणा मिली है। उन्होंने कहा कि मुख्य न्यायाधीश के विचारों से प्रभावित होकर उन्होंने साइकिल से हाईकोर्ट आने का निर्णय लिया। उनके इस प्रयास से प्रेरित होकर हाईकोर्ट के कुछ कर्मचारियों ने भी साइकिल से आने-जाने की शुरुआत कर दी है।
गौरतलब है कि हाल ही में हैदराबाद में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से ईंधन की खपत कम करने की अपील की थी। उन्होंने लोगों से मेट्रो, सार्वजनिक परिवहन और इलेक्ट्रिक वाहनों के अधिक उपयोग पर जोर दिया था, ताकि ऊर्जा की बचत हो सके और विदेशी मुद्रा पर दबाव कम पड़े।