जबलपुर/दमोह: पाटन से लगे ग्राम दिनारी तेजगढ़ जिला दमोह में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब व्यामरा नदी में नहा रहे एक युवक पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। युवक की चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए उसे मगरमच्छ के चंगुल से बचाया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम दिनारी निवासी 18 वर्षीय अभिषेक सिंह राजपूत रोज की तरह व्यामरा नदी में नहा रहा था। इसी दौरान अचानक पीछे से आए मगरमच्छ ने उसका पैर दबोच लिया। बताया जा रहा है कि मगरमच्छ ने युवक को दो-तीन बार जोर से झटका देकर गहरे पानी में खींचने की कोशिश की।
अभिषेक के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग तुरंत उसकी मदद के लिए दौड़े। ग्रामीणों ने मगरमच्छ पर पथराव किया, जिसके बाद वह युवक को छोड़कर पानी में चला गया। इसके बाद घायल युवक को तुरंत बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया।
डॉक्टरों के अनुसार मगरमच्छ के हमले में युवक के दाहिने पैर में गहरे और गंभीर घाव हुए हैं। घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। विभाग की ओर से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत के रूप में एक हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी गई है।
नदी किनारे मगरमच्छ के हमले की इस घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है।