akhbaar update

शादी समारोह से लौट रहे युवकों पर जानलेवा हमला, आरोपी फरार

 



जबलपुर। पनागर थाना क्षेत्र में शादी समारोह से लौट रहे युवकों पर अज्ञात बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार बजरंग वार्ड देवरी पनागर निवासी 20 वर्षीय पवन केवट मजदूरी करता है। उसने पुलिस को बताया कि 10 मई की रात वह अपने साथियों लकी कोल, वीर केवट और छोटू उर्फ दिव्यांश के साथ देवरी बजरंग वार्ड में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर पैदल लौट रहा था।

रात करीब 12:30 बजे जैसे ही वे पनागर तहसील मोड़ के पास पहुंचे, तभी पीछे से स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आए और गाली-गलौज करने लगे। इसी दौरान बाइक पर दो अन्य युवक भी पहुंच गए। आरोप है कि चारों बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पवन और लकी कोल पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

हमले में पवन के सिर, दाहिनी आंख के ऊपर और कान के पास गंभीर चोटें आई हैं, जबकि लकी कोल की गर्दन पर वार किया गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घायलों को पहले पनागर अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update