जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में खड़ी कार में आग लगाने का मामला सामने आया है। अज्ञात बदमाश द्वारा कार में आग लगाए जाने से वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना में करीब एक लाख रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार आशीर्वाद बारात घर के पास रांझी निवासी 36 वर्षीय अमित चौरसिया प्लास्टिक सामग्री की दुकान संचालित करते हैं। उन्होंने अपनी मारुति एक्सएल-6 कार क्रमांक एमपी 20 जेडआर 9930 को अपने दोस्त सुमित ठाकुर के घर के सामने व्हीकल स्टेट कांचीपुरम कॉलोनी में खड़ा किया था। इसके बाद वह परिवार के साथ प्रयागराज शादी समारोह में शामिल होने गए थे।
10 मई की रात करीब 1:30 बजे सुमित ठाकुर ने अमित चौरसिया को फोन कर बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी कार के पीछे वाले हिस्से में आग लगा दी है। आसपास के लोगों और सुमित ठाकुर ने पानी डालकर आग बुझाई।
अगले दिन मौके पर पहुंचकर अमित ने देखा कि कार का पिछला हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो चुका है। घटना में करीब एक लाख रुपए का नुकसान हुआ है। मोहल्ले के लोगों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को सिद्धि विनायक कॉलोनी की ओर भागते हुए देखा था।
रांझी थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।