akhbaar update

सड़क हादसे में वृद्ध की मौत, पांच लोग घायल

 



जबलपुर। कुंडम थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार लोडिंग वाहन पलटने से एक वृद्ध की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार गोराबाजार स्थित पानी की टंकी के पास रहने वाला 22 वर्षीय रोशन ठाकुर मजदूरी करता है। उसने पुलिस को बताया कि उसके पिता रामजीवन ठाकुर गौड़ (68) 9 मई की रात करीब 10:30 बजे गोराबाजार जबलपुर से लोडिंग पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 20 जीबी 1253 में माल लेकर डिंडौरी जा रहे थे।

10 मई की रात करीब 1:30 बजे ठेकेदार नटवर पटेल ने फोन कर बताया कि महानदी पुल कुंडम के पास मोड़ पर वाहन चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए नियंत्रण खो दिया, जिससे वाहन सड़क पर पलट गया। हादसे के समय वाहन में कुल छह लोग सवार थे।

दुर्घटना में पांच लोग घायल हो गए, जबकि रामजीवन ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत कुंडम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर किया गया है।

कुंडम थाना पुलिस ने लोडिंग वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update