akhbaar update

धनवंतरी नगर में युवक की संदिग्ध मौत, घर में मिला शव; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका



जबलपुर।  धनवंतरी नगर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव घर के कमरे में मिला, सूचना मिलते ही धनवंतरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है, जबकि पुलिस फिलहाल हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार श्यामनगर निवासी 28 वर्षीय सुरेंद्र कुमार का शव उसके घर में मिला। युवक के हाथ पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला और भी संदिग्ध माना जा रहा है। जैसे ही घरवालों ने सुरेंद्र को मृत अवस्था में देखा, उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने कमरे का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत हत्या है, आत्महत्या है या किसी अन्य कारण से हुई है।

इधर घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। परिजनों का कहना है कि सुरेंद्र की किसी से दुश्मनी नहीं थी, इसलिए उसकी संदिग्ध मौत ने सभी को हैरान कर दिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है और युवक के मोबाइल कॉल डिटेल सहित अन्य पहलुओं की पड़ताल में जुटी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update