जबलपुर - माढ़ोताल थाना क्षेत्र अंतर्गत कटंगी बाइपास स्थित होटल सुकून में शनिवार दोपहर उस समय हंगामा मच गया, जब हिंदू संगठन के कार्यकर्ता होटल पहुंच गए। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि होटल में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की सूचना उन्हें मिली थी।
जानकारी के अनुसार सूचना मिलने पर कार्यकर्ताओं ने होटल के कमरों की तलाशी ली। इस दौरान होटल में दो युवक और दो महिलाएं ठहरी मिलीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक कमरे में युवक और युवती संदिग्ध परिस्थितियों में पाए गए, जिसके बाद होटल परिसर में विवाद की स्थिति बन गई। हंगामे के दौरान कुछ लोगों द्वारा युवकों के साथ मारपीट किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही माढ़ोताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों युवकों और दोनों महिलाओं को पूछताछ के लिए थाने ले जाकर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि होटल के रजिस्टर की जांच के दौरान संबंधित लोगों की एंट्री दर्ज नहीं मिली। इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस होटल संचालक से पूछताछ कर रही है। साथ ही होटल के दस्तावेज, रजिस्टर और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है।
हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि होटल में लंबे समय से अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और तथ्यों के सत्यापन के बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार पकड़े गए युवकों में से एक की पहचान फरहज अली कादरी निवासी मुजावर मोहल्ला, रानी दुर्गावती वार्ड के रूप में बताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक रूप से किसी भी आरोप की पुष्टि नहीं की है। घटना के बाद कुछ समय तक क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना रहा, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में स्थिति सामान्य कर ली गई।