akhbaar update

जबलपुर से लगे गांव में नवविवाहिता की हत्या, जेठ गिरफ्तार

 



जबलपुर - बरगी क्षेत्र से लगे ग्राम खजरी घंसौर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां अब्बू मरकाम नामक युवक ने अपनी नवविवाहिता बहू सरिता की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम खजरी घंसौर निवासी बबलू मरकाम की शादी 10 मई को सरिता के साथ हुई थी। शादी के बाद सरिता अपने पति और परिवार के साथ ससुराल में रह रही थी। बताया जा रहा है कि बबलू का बड़ा भाई अब्बू मरकाम सरिता पर गलत नजर रखता था।

बीती सुबह घर के अन्य सदस्य काम पर चले गए थे। इसी दौरान घर में अकेली मौजूद सरिता के साथ आरोपी ने कथित रूप से गलत हरकत करने और दुष्कर्म का प्रयास किया। सरिता द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और फिर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से सरिता की मौके पर ही मौत हो गई।

महिला की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो सरिता खून से लथपथ हालत में पड़ी मिली। लोगों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पति बबलू मरकाम और अन्य परिजन भी पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की।

पूछताछ में पति ने बताया कि शादी के बाद से ही आरोपी उसकी पत्नी पर गलत नजर रखता था। पुलिस ने आरोपी अब्बू मरकाम की तलाश शुरू की और कुछ ही समय में उसे गिरफ्तार कर लिया।

घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update