akhbaar update

जबलपुर में 20 लाख की चोरी का खुलासा, नौकरानी और बेटा गिरफ्तार

 



जबलपुर - ग्वारीघाट थाना क्षेत्र के आस्था नगर में हुई लाखों रुपए की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में घर में काम करने वाली नौकरानी ज्योति ठाकुर और उसके बेटे यश ठाकुर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 20 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आस्था नगर निवासी शिवेन्द्र प्रताप सिंह, जो अमेरिका के पेन्सिलवेनिया राज्य के स्ट्रेट कॉलेज शहर में वैज्ञानिक के पद पर कार्यरत हैं, अपनी मां नलिनी सिंह की तबीयत खराब होने की सूचना पर जबलपुर आए थे। इलाज के दौरान उनकी मां का निधन हो गया। इसी दौरान घर की आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर चोरी हो गए।

चोरी किए गए जेवरों में सोने की झुमकी, कड़े, चैन-पेंडल सेट, इयरिंग, हार, मोती जड़ा पेंडल, पायल, बिछिया, करधन और अंगूठियां शामिल थीं। कुल मिलाकर करीब 13 से 14 तोला सोना और चांदी के आभूषण गायब मिले।

10 मई को जब शिवेन्द्र प्रताप सिंह वापस अमेरिका जाने की तैयारी कर रहे थे, तब उन्होंने मां के कमरे की आलमारी खोली। वहां रखे जेवरों के बॉक्स खाली मिले। इसके बाद उन्होंने ग्वारीघाट थाने में शिकायत दर्ज कराई।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घर में काम करने वाली नौकरानी ज्योति ठाकुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने बेटे यश ठाकुर के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए जेवर बरामद कर लिए।

गिरफ्तार आरोपियों में ज्योति ठाकुर उम्र 55 वर्ष और उसका बेटा यश ठाकुर उम्र 24 वर्ष निवासी कंचनपुर रेतनाका ग्वारीघाट शामिल हैं।

चोरी का खुलासा करने में एसआई परिणीता बेलेकर, आरक्षक संजय गोस्वामी, प्रधान आरक्षक नेहा दुबे और आरक्षक सौरभ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update